अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यू नंदपुरी कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी की गई रकम में से बचे 3100 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 21 मई 2026 को न्यू नंदपुरी कॉलोनी निवासी मोतीचंद पुत्र पतरूपाल ने घर से अज्ञात चोर द्वारा करीब 17,000 रुपये चोरी करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना को गंभीरता से लेते पुलिस टीम ने आज मुखबिर की सटीक सूचना पर मानकमऊ भटटे की पुलिया के पास से अभियुक्त ललित पुत्र विनोद कुमार जोगी (निवासी मानकमऊ बिजलीघर के पास, टावर वाली गली) को दबोच लिया। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से 3100 रुपये नकद बरामद हुए, जिसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की वृद्धि की गई। पूछताछ में आरोपी ललित ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने दो-तीन दिन पहले रात के समय नंदपुरी कॉलोनी के एक घर से रुपयों, डायरी और पासबुक आदि से भरी पॉलिथीन चोरी की थी, जिसमें से अधिकांश पैसे उसने अपने शौक और खाने-पीने में उड़ा दिए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त ललित एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ कुतुबशेर, कोतवाली नगर और सदर बाजार थानों में चोरी तथा आबकारी अधिनियम के तहत करीब 7 गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इस शानदार कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, शशांक गिरि, भूपेश शर्मा, हेड कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल सुमित कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे, जिनके द्वारा आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *