संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल होगा तैनात: एसएसपी

नमाज केवल निर्धारित परिसरों में, नई परंपरा पर रोक

वेस्टेज के सुरक्षित निस्तारण और सफाई के निर्देश

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर. आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सहारनपुर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इस संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति एवं कानून व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि ईद की नमाज केवल ईदगाह, मस्जिद और मदरसा परिसरों के भीतर ही अदा की जाए; किसी भी स्थिति में सार्वजनिक स्थानों या सड़कों पर नमाज नहीं होनी चाहिए। डीएम ने साफ किया कि त्योहार के दौरान कोई भी नई परंपरा शुरू न की जाए और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी हरगिज न दी जाए।
डीएम ने नगर निगम, समस्त ईओ (अधिशासी अधिकारी) और एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल और सुचारू विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेषों (वेस्टेज) का सुरक्षित निस्तारण उसी दिन कराया जाए। वेस्टेज को गाड़ियों में पूरी तरह ढककर ले जाया जाए और डंपिंग स्थल को भी कवर रखा जाए ताकि जनता को परेशानी न हो। इसके अलावा पशु मंडियों में ओवररेटिंग रोकने के लिए निर्धारित रेट लिस्ट सार्वजनिक करने के निर्देश भी दिए गए।
सोशल मीडिया की निगरानी को लेकर डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों को फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और सर्किल अफसरों को निर्देश दिए कि वे लगातार अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील (पेट्रोलिंग) रहें, सघन चेकिंग चलाएं और सुरक्षा ड्यूटी प्लान को पूरी गंभीरता से लागू करें।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) सुमित राजेश महाजन, एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात मयंक पाठक, एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव और सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसके साथ ही समाज में सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री सरफराज खान, जयनाथ शर्मा, महेन्द्र कुमार तनेजा, मौलवी फरीद, राजेश जैन, पार्षद मंसूर बदर, ब्रिट चावला, आमिर खान और दानिश प्रधान (चुनहैटी गाड़ा) सहित जनपद के कई गणमान्य नागरिकों ने भी बैठक में हिस्सा लिया और प्रशासन को शांति व्यवस्था में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *