गोपालगंज ,10 मई ।  बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठेगी। दहेज के लोभियों ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए एक तीन माह की गर्भवती महिला की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि दहेज के इन दानवों ने वारदात को अंजाम देने के लिए महिला की शादी की पहली सालगिरह का ही दिन चुना। दिल दहला देने वाली यह घटना सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव की है। मृतका की पहचान मनीष कुंवर की 22 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। वारदात के बाद खौफजदा ससुराल वाले घर में ही शव को छोड़कर मौके से फरार हो गए हैं।
बुलेट और सोने की चेन के लिए उजाड़ दी दुनिया
जानकारी के मुताबिक, गुड़िया की शादी ठीक एक साल पहले 8 मई 2025 को सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव के रहने वाले मनीष कुंवर के साथ हुई थी। शादी के वक्त लड़की के पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार भरपूर दान-दहेज भी दिया था। लेकिन, ससुराल वालों की लालच की भूख शांत नहीं हुई। बताया जा रहा है कि जब गुड़िया तीन माह की गर्भवती हुई, तो ससुराल वालों ने दहेज में एक बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन की नई डिमांड रख दी। जब यह मांग पूरी नहीं हो सकी, तो गुड़िया को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी प्रताड़ना का खौफनाक अंत शुक्रवार देर रात हुआ, जब उसकी बेरहमी से जान ले ली गई।
घर छोड़कर भागे हत्यारे, एफएसएल टीम कर रही जांच
घटना की सूचना पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। पुलिस को जानकारी मिलते ही सिधवलिया थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही हत्यारा पति और ससुराल पक्ष के सभी लोग ताला लगाकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। इस पूरे मामले पर सदर एसडीपीओ 2 राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को बखरौर गांव में एक नवविवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने एफएसएल (स्नस्रु) टीम की मदद से क्राइम सीन की जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों का आवेदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *