हल्द्वानी। जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गौशाला स्थापना एवं संचालन अनुश्रवण प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न हुई।बैठक में समिति द्वारा जिले में निराश्रित गोवंश पशुओं के संरक्षण हेतु अनेक निर्णय दिए गए। जनपद में विभिन्न स्थानों में 6नवीन गौसदनों की स्थापना एवं संचालन के संबंध में स्वीकृति प्रदान करते हुए उनके निर्माण एवं संचालन के संबंध में शीघ्र ही भूमि चयन करते हुए आगणन तैयार करते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश सभी कार्यदाई संस्थाओं एवं विभागों को दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी ने तीन गौशालाओं,मालधन चौड़,गोलापुर एवं श्रीकैंचीधाम क्षेत्र में प्रस्तावित गौसदनों की डीपीआर तैयार कर बजट आवंटन जिला खनिज न्यास निधि से किए जाने की स्वीकृत प्रदान करते हुए पत्रावली शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए।बैठक में जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश पशुओं को गौसदन तक पंहुचाने हेतु कैचर लिफ्टिंग वाहन अभी तक क्रय न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को तत्काल कार्यवाही के निर्देश के साथ ही मालधन चौड़ में गौशाला निर्माण की कार्रवाई करते हुए समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं को गौसदन में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।बैठक में नवीन गौसदन हेतु भूमि चिह्नीकरण के संबंध में चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने गौलापार क्षेत्र में बृहद गौशाला स्थापना हेतु भूमि चयन के निर्देश उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को निर्देश दिए।इसके साथ ही भीमताल में गौशाला स्थापना हेतु भूमि चयन के निर्देश उपजिलाधिकारी नैनीताल एवं श्रीकैंचीधाम के खैरना क्षेत्र में गौशाला निर्माण हेतु भूमि चयन के निर्देश उपजिलाधिकारी श्रीकैंचीधाम को दिए।जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को भी आपसी समन्वय बनाते हुए तत्काल नए गौसदन निर्माण के प्रस्ताव व कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में गौलापार में गौसदन निर्माण हेतु जिला पंचायत नैनीताल,भीमताल हेतु नगर पालिका भीमताल एवं श्री कैंचीधाम में गौसदन निर्माण हेतु नगर पालिका भवाली को कार्यदाई संस्था नामित किया गया।बैठक में निराश्रित गौवंश को गौसदन में स्थानांतरित कराए जाने हेतु मानक संचालन प्रक्रिया के संबंध में चर्चा करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में ऐसे लोगों को चिह्नित करते हुए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को इन गौसदनों के संचालन हेतु तुरंत विज्ञप्ति प्रकाशन के साथ ही गौसदनों के निर्माण हेतु जो भी प्रस्ताव प्राप्त होते हैं उन्हें शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंशीय पशुओं एवं निराश्रित पशुओं के कल्याणार्थ सरकार की जो भी योजना संचालित हैं,उनके संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को भी अवगत कराया जाए।बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.के.सी.जोशी,नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी परितोष वर्मा,उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक सहित सभी नगर निकाय क्षेत्र के अधिशासी अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *