एम अफज़ल गौर
चिलकाना (सहारनपुर)
जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पठेड चेक पोस्ट पर अवैध खनन सामग्री ले जा रहे तीन ट्रकों को पकड़ा गया। जांच में गड़बड़ी मिलने पर पुलिस ने तीनों ट्रकों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। कार्रवाई के बाद मौके पर दो पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर वाहन पकड़वाने के आरोप लगाते हुए आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रण में लिया। शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध खनन माफियाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *