पुणे ,28 मार्च । महाराष्ट्र में आस्था के नाम पर एक और घिनौना खेल सामने आया है। खुद को भगवान शिव का अवतार बताकर भोली-भाली महिलाओं को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले एक 40 वर्षीय ढोंगी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पालघर जिले के रहने वाले आरोपी ऋषिकेश वैद्य ने एक 34 वर्षीय महिला को अपनी ‘पार्वतीÓ बताकर उसके साथ दुष्कर्म किया। यह पाखंडी सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था और फिर उनकी धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर उनका शारीरिक शोषण करता था।
फेसबुक की दोस्ती से शुरू हुआ खेल
इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना की शुरुआत साल 2023 में फेसबुक पर हुई एक दोस्ती से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दिसंबर 2023 में आरोपी ऋषिकेश वैद्य पुणे आया और उसने खुद को ‘महादेव बताकर पीड़िता को अपने झांसे में ले लिया। उसने पुणे के मांजरी इलाके में स्थित एक लॉज में महिला को कोई नशीला पदार्थ खिलाकर सुन्न कर दिया और उसके साथ रेप किया। इस दौरान दरिंदे ने महिला की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं। इन्हीं तस्वीरों के जरिए वह पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और फिर मई 2024 में वसई के एक होटल में भी उसने दोबारा यौन शोषण का प्रयास किया। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी पालघर में एक सामाजिक संगठन भी चलाता है, जिसकी आड़ में वह यह काला कारोबार कर रहा था।
दूसरे ढोंगी बाबा की गिरफ्तारी से मिली हिम्मत
लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग के कारण पुणे की रहने वाली यह पीड़िता लंबे समय तक खौफ के साए में घुट-घुट कर जी रही थी। लेकिन हाल ही में जब नासिक में एक अन्य स्वयंभू भगवान अशोक खरात को महिलाओं के शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया, तो पीड़िता को भी इस दरिंदे के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत मिली। उसने तुरंत माणिकपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर जीरो एफआईआर दर्ज कराई, जिसे आगे की जांच के लिए पुणे के हडपसर पुलिस स्टेशन भेज दिया गया है।
कई और महिलाओं के शिकार होने की आशंका
मामले की जानकारी देते हुए सीनियर इंस्पेक्टर हीरालाल जाधव ने बताया कि आरोपी ऋषिकेश वैद्य को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि खुद को दिव्य शक्तियों वाला बताकर इस पाखंडी ने कहीं और महिलाओं को तो अपना शिकार नहीं बनाया है। इस घटना ने एक बार फिर महाराष्ट्र में ढोंगी बाबाओं द्वारा महिलाओं के शोषण के गंभीर मुद्दे को बेनकाब कर दिया है, जो धर्म की आड़ में निर्दोष महिलाओं की जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *