डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर। जनपद में व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ की अध्यक्षता में व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।बैठक में नगर क्षेत्र के थाना प्रभारियों,उपनिरीक्षकों, पीडब्ल्यूडी,विद्युत विभाग,यातायात प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध ने व्यापारियों से सुझाव एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और सुरक्षा के सभी पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं विधिक निस्तारण के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और बाजारों में नियमित गश्त व चेकिंग की जा रही है।व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने,कैमरों की दिशा सही रखने,मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त कैमरे स्थापित करने,रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और बाजारों में सामूहिक रूप से सुरक्षा गार्ड/चौकीदार तैनात करने की सलाह दी गई।नगदी के परिवहन से पूर्व स्थानीय पुलिस को सूचित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।बैठक में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी के प्रचलित तरीकों की जानकारी दी गई तथा बचाव के उपाय बताए गए।साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के उपयोग के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया।आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए।बाजारों में भीड़ के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने,प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक भीड़ न होने देने,हानिकारक रंगों या अवैध रसायनों की बिक्री पर रोक लगाने तथा डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग नियमानुसार करने की हिदायत दी गई। अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई।बैठक के अंत में व्यापार मंडल अध्यक्ष शलभ गुप्ता ने उपस्थित अधिकारियों और सदस्यों को गुलाल व मिष्ठान भेंट कर होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
