हर घर नल, हर घर जल प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प- त्रिवेंद्र सिंह रावत
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के विकासखण्ड बहादराबाद के जमालपुर कला गाव में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्मित जमालपुर कला पम्पिग पेयजल योजना के जल अर्पण समारोह रविवार को धूमधाम से मनाया गया।जल अर्पण कार्यक्रम में मुख्यतः ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति तथा पेयजल निगम,हरिद्वार के अभियन्ताओं के द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा की विधायक अनुपमा रावत द्वारा किया गया।इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुँचाई जाएं।इसी सोच के तहत उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन,मुफ्त बिजली कनेक्शन,हर घर शौचालय,बेघर लोगों को आवास तथा प्रत्येक घर तक स्वच्छ नल जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने कहा कि जमालपुर कलां गांव में लगभग 10,508परिवार निवास करते हैं और सभी घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। जल जीवन मिशन की शुरुआत के समय यह विचार किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के कनेक्शन के लिए अधिक शुल्क लिया जायेगा। जिससे योजना का लाभ सभी को मिल सके।उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं यहां पर्वतीय क्षेत्र,छोटे-छोटे गांव,दूर स्थित जल स्रोत और भूमिगत जल की कमी जैसी समस्याएं हैं।ऐसे में जल जीवन मिशन को सफल बनाना एक बड़ी उपलब्धि है।उन्होंने जल स्तर में लगातार हो रही गिरावट पर चिंता जताते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अत्यंत आवश्यक बताया।इस परियोजना में वर्षा जल संचयन पर भी कार्य किया गया है,जो भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।केवल पानी ही नहीं बल्कि स्वच्छ और पीने योग्य जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। खेतों में उपयोग होने वाले रसायनों से जल प्रदूषित हो रहा है,जिससे लोगों को बोतलबंद पानी पर निर्भर होना पड़ रहा है।यदि हम अपने घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर थोड़ा निवेश करें तो भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने प्रत्येक जल बूंद के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक चौड़ी पत्ती वाले वृक्षों का रोपण आवश्यक है।वृक्षों के बिना जल संरक्षण संभव नहीं है।बढ़ते कंक्रीटकरण के कारण वर्षा जल भूमि में नहीं समा पा रहा है,जिस पर हमें गंभीरता से विचार करना होगा।कार्यक्रम में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि जल संस्थान के सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जल योजना का लाभ वास्तव में हर घर तक पहुंचे।उन्होंने विशेष रूप से लालढांग क्षेत्र के ओवरहेड वाटर टैंकों के संचालन में आ रही समस्याओं पर ध्यान देने की बात कही।उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में सबसे बड़ा संकट पानी का हो जाता है,इसलिए प्रत्येक ओवरहेड टैंक पर जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।साथ ही क्षेत्र के हैंडपंपों की नियमित जांच कर उन्हें सुचारू किया जाए,क्योंकि कई स्थानों पर लंबे समय तक पानी नहीं आता।उन्होंने ग्राम जमालपुर कलां को संपूर्ण रूप से सीवर लाइन से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया,जिससे जल निकासी की समस्या का समाधान हो सके। कार्यक्रम के दौरान जमालपुर कलां पेयजल योजना के टैंक एवं नलकूप के प्रागंण में स्टेड पोस्ट पर जल रक्षा सूत्र बाधा गया तथा वृक्षारोपण किया गया।सांसद द्वारा ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति की 05महिलाओं को पेयजल की जांच हेतु किट वितरित की गयी।कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा जल संरक्षण विषय पर बनाई गई सुंदर पेंटिंग एवं ड्रॉइंग्स का प्रदर्शन किया गया,जिसकी सभी अतिथियों ने सराहना की।वक्ताओं ने कहा कि बच्चों में जल संरक्षण की समझ विकसित करना भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि जल है तो जीवन है।जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित जल अर्पण दिवस कार्यक्रम के दौरान जनपद स्तर पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, पेंटिंग एवं कलाकृतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्राथमिक विद्यालय जमालपुर कलां की छात्राओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं विधायक श्रीमती अनुपमा रावत ने छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।इस दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधि,अधिकारियों एवं ग्रामवाशियों जल संरक्षण की शपथ भी दिलवाई।इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष शर्मा,जिला महामंत्री भाजपा आशु चौधरी,ग्राम प्रधान जमाललपुर कला हरेन्द कुमार ,जल जीवन मिशन नोडल हरिद्वार यशवीर मल्ल,अधिशासी अभियन्ता अनंत सैनी,राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन देहरादून राजेश गुप्ता,अधिशासी अभियन्ता निर्माण शाखा सुधीर कुमार ,अधिशासी अभियन्ता विद्युत/यांत्रिक,पेयजल निगम हरिद्वार एवं जमालपुरकलां के ग्रामवासी उपस्थित रहे।
