सहारनपुर। नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए पशुपालन विभाग सहारनपुर में कार्यरत पीयूष चैहान का चयन उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विभाग, बल्कि पूरे जनपद और उनके पैतृक गांव में खुशी की लहर दौड गई है।
पीयूष चैहान ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 26 फरवरी तक नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में देशभर के विभिन्न राज्यों की सिविल सर्विसेज टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उत्तर प्रदेश की घोषित टीम में पीयूष को उनकी खेल क्षमता के आधार पर स्थान मिला है। पीयूष चैहान मूल रूप से जनपद शामली के कैराना (ऊँचा गांव) के निवासी हैं और वर्तमान में सहारनपुर में निवास कर रहे हैं। पीयूष चैहान ने बताया कि वह एन.आई.एस. क्वालिफाइड क्रिकेट कोच हैं तथा खेल क्षेत्र में उनका अनुभव काफी अच्छा रहा है। वे पूर्व में क्रिकेट अकेडमी ऑफ पठान में हेड कोच तथा युवराज सिंह सेंटर ऑफ एकसिलेन्स, गुरुग्राम में भी हेड कोच के रूप में खिलाडियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं।
पीयूष के चयन की खबर मिलते ही पशुपालन विभाग के अधिकारियों, सहयोगियों और क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि पीयूष अपने शानदार खेल से उत्तर प्रदेश की टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *