सोलापुर ,18 जनवरी । महाराष्ट्र के सोलापुर से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। महाराष्ट्र में सोलापुर–पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मोहोल क्षेत्र के देवदरी पाटी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग पनवेल से अक्कलकोट देवदर्शन के लिए जा रहे थे। रात करीब 12 बजे चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
इसी बीच एक और दर्दनाक सड़क हादसा राजस्थान के उदयपुर से सामने आया है। शनिवार तड़के पुराने अहमदाबाद हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा सवीना थाना क्षेत्र के नेला तालाब के पास हुआ। सभी मृतक उदयपुर के रहने वाले थे। पुलिस घायलों का इलाज सुनिश्चित करने के साथ-साथ हादसे की जांच में जुटी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *