डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर स्थित मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को प्रशिक्षु आरक्षियों के साथ बड़े खाने का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत रूप से किया गया।कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत,पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल,पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ,सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के० मिश्रा सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर प्रशिक्षु आरक्षियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई,जिससे पूरा वातावरण देशप्रेम,अनुशासन और उत्साह से भर गया।अपने संबोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु आरक्षियों को प्रशिक्षण अवधि का पूर्ण सदुपयोग करने,अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने,वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन करने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील,शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में ईमानदारी,निष्ठा और सेवा भाव सर्वोपरि हैं,जिन्हें प्रत्येक आरक्षी को अपने आचरण और कार्यप्रणाली में उतारना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रशिक्षु आरक्षियों के साथ बड़े खाने में सहभागिता की।पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण,अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ।
