हरिद्वार। जिला अस्पताल में रखे शव को चूहों के कुतरने का मामला सामने आया है। चूहों द्वारा शव को नोंचने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया।शुक्रवार की शाम ज्वालापुर स्थित पंजाबी धर्मशाला के मैनेजर लखन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा को हार्ट अटैक आने पर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया गया।जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लक्की शर्मा आई डोनर भी थे। इसलिए नेत्रदान के लिए उनके शव को अस्पताल की मोर्चरी में फ्रीजर में रख दिया गया।शनिवार सवेरे जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो शव की हालत देखकर हक्का बक्का रह गए।शव की आखें,नाक और चेहरा चूहों द्वारा बुरी तरह कुतर दिया गया था। परिजनों का कहना है कि जिस डीप फ्रीजर में बॉडी को रखा गया था। उसमें एक बड़ा छेद था। जिससे चूहे अंदर घुस गए। इसके बाद परिजनों के साथ जमा हुए लोगों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया।लोगों का कहना है कि लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं अस्पताल प्रबंधन फ्रिज की मेंटेनेंस करने वाली कंपनी केटीपीएल पर लापरवाही का आरोप लगा रहा है।जानकारी मिलने पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग,मनोज सैनी,अशोक शर्मा,वरूण बालियान,मुरली मनोहर,जतिन हांडा,रविश भटिजा,दीपक टंडन आदि कांग्रेस कार्यकर्ता और पंजाबी समाज के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।कांग्रेस नेता रविश भटीजा ने कहा कि यह अस्पताल प्रशासन की लापरवाही है।फ्रीजर खराब था तो प्रशासन को व्यवस्था करनी चाहिए थी।दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।जिससे इस तरह की घटना दोबारा ना हो।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एडीएम प्रशासन फिंचाराम चौहान के नेतृत्व मे जांच कमेटी का गठन कर पूरे मामले की जांच केे आदेश दिए हैं।एडीएम पीआर चौहान ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है,जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा।उस पर कार्रवाई की जाएगी।
