डाo एम ए तोमर
मुज़फ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर पुलिस क्रिकेट टीम ने मेरठ ज़ोनल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हापुड़ पुलिस टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया।44 वीं वाहिनी पीएसी मेरठ के क्रिकेट ग्राउंड में 09 नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में मेरठ ज़ोन के सात जनपदों मेरठ,बागपत,बुलंदशहर, हापुड़,सहारनपुर, मुज़फ्फरनगर एवं शामली की टीमों ने भाग लिया।फाइनल मुकाबले में मुज़फ्फरनगर पुलिस टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 165 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।टीम की ओर से आरक्षी मंजीत ने 55 रन और आरक्षी अंकित त्यागी ने 12 गेंदों में तेज़तर्रार 27 रन की पारी खेली।जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हापुड़ पुलिस टीम 19.2 ओवर में 152 रन पर ऑल आउट हो गई।मुज़फ्फरनगर पुलिस की जीत में आरक्षी जगत की घातक गेंदबाज़ी सबसे अहम रही जिन्होंने मात्र 13 रन देकर 4 विकेट झटके।वहीं आरक्षी अर्जुन ने 2 विकेट प्राप्त किए।उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आरक्षी जगत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।पूरी प्रतियोगिता में बेहतरीन ऑलराउंड खेल का प्रदर्शन करने वाले आरक्षी विवेक को मैन ऑफ द सीरीज तथा बेस्ट बॉलर चुना गया।उन्होंने टूर्नामेंट में 111 रन बनाए और 7 विकेट हासिल किए।टीम की सफलता में मुख्य आरक्षी मनीष राणा की शानदार कप्तानी और रणनीति विशेष रूप से सराही गई।मुख्य अतिथि एडीजी मेरठ भानु भास्कर द्वारा विजेता मुज़फ्फरनगर पुलिस टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया,साथ ही रनर-अप हापुड़ टीम को भी सम्मानित किया गया।आयोजन में ग्राउंड स्टाफ और अंपायरों को भी उनके योगदान के लिए सम्मान दिया गया।इसके उपरांत सभी टीमों ने सलामी मंच के सामने से मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि एडीजी मेरठ भानु भास्कर को सलामी दी।इस अवसर पर पुलिस डीआइजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधी नैथानी,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ विपिन टाडा,सेनानायक 44 वीं वाहिनी पीएसी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर संजय कुमार वर्मा उपस्थित रहे।मैच में शानदार जीत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर ने विजेता टीम की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी टीम भावना के साथ प्रदर्शन जारी रखने की प्रेरणा दी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *