सहारनपुर। 5वीं अंडर-15 सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 22 से 29 जून तक किया गया। जिसमे ऐतिहासिक सफलता अर्जित करने वाले मुक्केबाज अनिक बाबरा और उनके कोच प्रवीन कुमार का डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोट्र्स स्टेडियम में आयोजित स्वागत समारोह में जोरदार स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीतने के साथ-साथ प्रतियोगिता में बेस्ट बॉक्सर का प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाले अनिक की इस सफलता पर क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपडा और खेल प्रशिक्षकों ने उन्हें फूलों की माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपडा ने मुक्केबाज अनिक बाबरा के उत्कृष्ट प्रदर्शन और कोच प्रवीन कुमार के प्रशिक्षण की जमकर सराहना की। उन्होंने बताया कि मूल रूप से मेरठ निवासी अनिक बाबरा वर्तमान में डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोट्र्स स्टेडियम में बॉक्सिंग कोच प्रवीन कुमार के निर्देशन में नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होने मुक्केबाज अनिक बाबरा और उनके बॉक्सिंग कोच प्रवीन कुमार को शुभकामनाएं देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्रीडाधिकारी राहुल चोपडा बताया कि लगभग 25 वर्ष बाद उत्तर प्रदेश के किसी मुक्केबाज ने राष्ट्रीय सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बेस्ट बॉक्सर का खिताब अपने नाम किया है। बॉक्सिंग कोच प्रवीन कुमार ने बताया कि अनिक की यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर प्रतियोगिता में उन्हे सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर घोषित किया गया। इससे पहले वर्ष 2025 में नोएडा में आयोजित चैथी सब जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी अनिक ने रजत पदक जीतकर अपने खेल का परचम लहराया था। कोच प्रवीन कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश भर के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच बेस्ट बॉक्सर का पुरस्कार जीतना बेहद गर्व की बात है।
अनिक बाबरा की इस सफलता से खेल जगत में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि पर क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा, भारतीय मुक्केबाजी संघ के महासचिव प्रमोद कुमार, जिला बॉक्सिंग संघ मुज़फ्फरनगर के सचिव सतीश सहरावत, जिला बॉक्सिंग संघ सहारनपुर के अध्यक्ष अमित जैन, सचिव रितु देवी, विशेष तोमर, सोनू मलिक, अंकित बाबरा, राकेश धामीजा, लाल धर्मेंद्र प्रताप, जयेंद्र कुमार, पुनीत आर्य, सन्नी कुमार, रुपेश कुमार, आकाश कुमार, आदेश कुमार, गौरव मलिक, पुष्पेंद्र, शिवनंदन, भावना तोमर, सुप्रिया, जयश्री गुप्ता सहित अनेक खेल प्रेमियों ने अनिक बाबरा और उनके कोच प्रवीन कुमार को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *