पत्रकार सुरक्षा आयोग के लिए मुख्यमंत्री से मिलेगा जिला प्रेस क्लब का प्रतिनिधिमंडल -राकेश वालिया
हरिद्वार। जिला प्रेस क्लब हरिद्वार की बैठक में पत्रकारों के हितों की रक्षा,संगठन को मजबूत बनाने तथा जिले भर के पत्रकारों को एक मंच पर लाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मध्य हरिद्वार होटल में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि पत्रकारों की समस्याओं एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की मांग करेगा।बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं, लेकिन आज भी पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर कई चुनौतियां बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रेस क्लब हरिद्वार पूरे जिले के पत्रकारों को एकजुट कर उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेगा।महामंत्री अनिल कुमार बिष्ट ने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना आवश्यक है।इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री के समक्ष पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की मांग रखी जाएगी। उपाध्यक्ष मनव्वर कुरैशी ने कहा कि जिला प्रेस क्लब की पहल पर पिरान कलियर क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे कई अवैध कार्यों का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई की है।उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी जनहित और पत्रकार हित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा तथा पत्रकारों की गरिमा और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।बैठक के दौरान सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों को संगठन के पहचान पत्र भी वितरित किए गए।बैठक में अनुपस्थित रहने वाले कुछ सदस्यों एवं पदाधिकारियों को भविष्य में नियमित रूप से संगठनात्मक गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब की प्रचार मंत्री मुस्कान राजपूत का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला प्रेस क्लब हरिद्वार के दो पुराने सदस्यों की सदस्यता बहाल किया गया।संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकार एकता,संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।बैठक मनव्वर कुरैशी,मुस्कान राजपूत,रुचि ड्रोलिया,मनोज कश्यप,सनोज कश्यप, ,सुमित कुमार वर्मा,राकेश कुमार वर्मा,सागर कुमार,सरविंद्र कुमार,नरेश कुमार मित्तल,अवधेश कुमार भूमिवाल,विजय प्रजापति,वंश शर्मा,कुणाल शर्मा,गणेश भट्ट,दीपक झा,मोहम्मद नदीम सलमानी,रोहित वर्मा,भानु पांडे,उपासना तेश्वर,शिप्रा अग्रवाल,विजय कुमार बंसल,जीशान मलिक, गुलजार अहमद,मोहम्मद काशिफ सुल्तान,प्रवेश कुमार जेमिनी,नवनीत शर्मा,फुरकान अंसारी, रितिक कुमार,कमल शर्मा,इंद्रकुमार शर्मा सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
