सहारनपुर(रामपुर मनिहारान)। प्रदेश में लगातार हो रहे पेपर लीक प्रकरणों,
युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय एवं भर्ती प्रक्रियाओं में
व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में राष्ट्रीय शोषित दल द्वारा 15 जून को
उपजिलाधिकारी कार्यालय, रामपुर मनिहारान पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित
किया जाएगा।
इस आंदोलन का नेतृत्व राष्ट्रीय शोषित दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. पी.
आनंद द्वारा किया जाएगा। एन. पी. आनंद ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर
लीक केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि देश के युवाओं के सपनों और उनके
अधिकारों पर सीधा हमला है। लाखों युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं,
किन्तु भ्रष्टाचार और पेपर लीक माफियाओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर
जाता है। राष्ट्रीय शोषित दल इस अन्याय के विरुद्ध सड़क से सदन तक संघर्ष
करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि ज्ञापन में सभी पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय एवं
निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेपर लीक
माफियाओं के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, प्रतियोगी परीक्षाओं
में पूर्ण पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, युवाओं के रोजगार
एवं शिक्षा के अधिकार की रक्षा की जाए, भविष्य में ऐसी घटनाओं की
पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। धरना-प्रदर्शन के
उपरांत महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित
ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया जाएगा।
इस धरना-प्रदर्शन में दल के कर्मठ एवं समर्पित कार्यकर्ता साबन बाबरे,
दीपांशु बाबरे, आर्यन, विनीत चंद्रा, अजीत सिंह दिनकर (प्रतिनिधि एन. पी.
आनंद), नबीस गाड़ा (किसान नेता) सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, युवा,
छात्र, किसान एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *