अल्मोड़ा। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच कृषि और मिट्टी संरक्षण को लेकर राज्य स्तरीय खेत बचाओ अभियान का भव्य आयोजन शुक्रवार को हवालबाग,अल्मोड़ा में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान,महिला समूह और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेत बचाओ अभियान अब सरकारी कार्यक्रम नहीं, जनभागीदारी से जुड़ा जनांदोलन बन चुका है। उन्होंने किसानों से मिट्टी,कृषि भूमि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने को कहा।मुख्यमंत्री ने कहा कि मिट्टी मां के समान पूजनीय है।इसलिए खेतों को रासायनिक पदार्थों से मुक्त रखना और मिट्टी परीक्षण कराना जरूरी है किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार ने बजट में 200करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद में तारबाड़ योजना के तहत 6करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जाने की घोषणा भी की।कार्यक्रम में मोटे अनाज मांडुआ, झंगोरा, चौलाई और पारंपरिक फसलों के संरक्षण पर जोर दिया गया।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 23हजार हेक्टेयर में सुगंधित फसलें उगाई जा रही हैं।पॉलीहाउस,कोल्ड स्टोरेज और मेगा फूड पार्क जैसी योजनाओं से किसानों को सीधे डीबीटी के जरिए लाभ मिल रहा है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाकर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है।जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।इस दौरान विधायक डॉ.प्रमोद नैनवाल,मोहन सिंह मेहरा,महेश जीना,जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
