सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता से करे संबंधित अधिकारी-डीएम
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित दर्ज 65 शिकायतों में से 32समस्याओं का मौके पर निराकरण कर शेष समस्याओं को निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व,भूमि विवाद,विद्युत,अतिक्रमण,जल भराव,पेयजल,राशन कार्ड आदि से संबंधित समस्या दर्ज कराई गई।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में जनता द्वारा जो भी समस्याएं दर्ज कराई जा रही है,उन समस्याओं को त्वरित एवं समयबद्धता के साथ निराकरण करना सुनिश्चित करे,इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही एवं शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए,शिथिलता बरती जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक करवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने यह भी निर्देश दिए है कि जिन शिकायतों पर स्थलीय निरीक्षण किया जाना है संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए है कि जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों द्वारा जो भी समस्या दर्ज कराई जा रही है,उनका संबंधित अधिकारी शीर्ष प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करना सुनाश्चित करे।
