खुले में कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध और नमाज़ के लिए सरकार की गाइडलाइन जारी

अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत

सहारनपुर: आगामी ईदुल-उल-अज़हा (बकरीद) के पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी सिलसिले में अंबाला रोड पर नगर शांति समिति की एक विशेष और महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रथम और थाना कुतुबशेर के इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने की, जिसमें क्षेत्र के पार्षदों, मस्जिदों के इमामों, मुतवल्लियों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान अधिकारियों ने शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस को बेहद सख्त शब्दों में दोहराया और सभी से इसका अनुपालन करने की अपील की।
इस बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रथम ने सरकार की आधिकारिक गाइडलाइन स्पष्ट करते हुए बताया कि ईदुल-उल-अज़हा की नमाज़ केवल और केवल मस्जिदों, मदरसों और ईदगाह परिसरों के अंदर ही अदा की जाएगी, किसी भी सूरत में सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज़ पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी और किसी भी खुले स्थान, सड़क या आम रास्तों पर कुर्बानी का कृत्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कुर्बानी केवल निर्धारित या निजी बंद स्थानों पर ही की जा सकेगी।
इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने सोशल मीडिया को लेकर भी सख्त हिदायत दी कि कोई भी नागरिक कुर्बानी से संबंधित तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड नहीं करेगा, जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक का सफल संचालन पार्षद एवं नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर द्वारा किया गया। मंसूर बदर ने त्योहार के दौरान नगर निगम सहारनपुर की सफाई व्यवस्था, वेस्टेज प्रबंधन और त्वरित कूडा उठान की विस्तृत कार्ययोजना साझा की। उन्होंने बताया कि मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में नालों की सफाई के साथ-साथ हरा चूना छिड़काव कराया जाएगा और किसी भी आपात स्थिति के लिए क्यूआर (QR) टीमों का गठन कर दिया गया है। जलापूर्ति के संबंध में बड़ी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि माननीय मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह के विशेष आदेश पर महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम द्वारा नगर सहित जोड़े गए सभी 32 गांवों के ट्यूबवेलों पर जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि बिजली कटने के दौरान भी पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से चलती रहे।
बैठक में ईदगाह मैनेजर शाहिद जुबैरी और वरिष्ठ समाजसेवी आरिफ खान ने भी आवाम से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। इस मौके पर पार्षद समीर अंसारी, रईस पप्पू, इमरान कुरैशी, सलीम अंसारी, बाबा नवाब, कमाल मलिक, फैज़ान, अफज़ल, अबूबकर, अलमास, सैयद इरफान, ज़ाकिर, सुहेल फ़्रिज, इमरान, बिलाल अंसारी, माजिद खान, याकूब, हाजी यूसुफ, फरीद सलमानी और फैसल सहित क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों के सम्मानित इमाम और मुतवल्ली मौजूद रहे, जिन्होंने सामूहिक रूप से पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सरकारी गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन कराने और पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *