गागलहेड़ी(सहारनपुर)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2027 में जनता की सरकार बनेगी। उन्होंने वादा किया कि सहारनपुर की सात और बनारस की आठों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के विधायक जीतेंगे। आरोप लगाते हुए कहा कि जितने भी बड़े ठेकेदार हैं। वह सब गुजरात के हैं। सारा पैसा गुजरात में जा रहा है और वहां से भाजपा राज्यों की सरकारों को गिराने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी की ओर से गागलहेड़ी सभागार में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के लिए विधानसभा से लेकर लोकसभा में लड़ रही है। इसी का नतीजा है कि राहुल गांधी की लोकप्रियता देश में दिनों दिन बढ़ती जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता संघर्ष से कभी पीछे नहीं हटते। उन्हीं के संघर्ष और मेहनत का नतीजा रहा कि 2024 के लोकसभा के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात राउंड हारे। उनकी जीत का अंतर भी कम हुआ। कहा कि दोपहर एक बजे के बाद मीडिया चैनल ने भी बनारस की गिनती दिखाना बंद कर दिया और शाम चार बजे के बाद प्रधानमंत्री की जीत घोषित की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होते हुए पार्टी की जीत के लिए काम करने का लक्ष्य दिया। राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विकास कार्यों की बजाए सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल कर दूसरे दलों के नेताओं को डराती हैं। बंगाल चुनाव में केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग सबके सामने है। उत्तर प्रदेश में हिंदू मुस्लिम की गंगा जमुनी तहजीब हमेशा से कायम रही है, लेकिन भाजपा सरकार इसे तोड़ना चाहती है। कांग्रेस 2027 के चुनाव में प्रदेश में सरकार बना कर बदलाव लाने का काम करेगी। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। आने वाला समय कांग्रेस का है। सहारनपुर जिले में इमरान मसूद के नेतृत्व में कांग्रेस आगे बढ़ रही है। सांसद इमरान मसूद ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जीतने का काम कांग्रेस पार्टी करेगी। अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अरविंद पालीवाल ने संविधान, विवेक कांत ने बाबा साहब का चित्र व जिला अध्यक्ष संदीप सिंह ने लकड़ी की नक्काशी वाले मंदिर नेताओं को भेंट किए। जिला उपाध्यक्ष पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू ने सरोपा व तलवार भेंट की। इससे पहले चमारीखेड़ा टोल प्लाजा पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं का स्वागत किया। उन्हें जुलूस के रूप में कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, संदीप चौधरी, विवेक कांत सिंह, विनय चेयरमैन, सुदेश प्रधान, डॉ महबूब, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्वेता सैनी, सचिन कांबोज, पंकज कांबोज, रणबीर बन्दूखेड़ी, अजय त्यागी, मोहित प्रधान, जीनेपाल सिंह, फाजिल हुसैन, मास्टर बृजपाल सिंह, रजनीश प्रधान, जनक प्रधान टोडरपुर आदि शामिल रहे। इन्होंने थामा कांग्रेस का दामन
पूर्व मंत्री सरफराज खान, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, पूर्व चेयरमैन इरशाद चौधरी, रईस मलिक, इसरार प्रमुख,
प्रदीप फौजी, राजपाल कर्णवाल, नीटू, पार्षद डॉ. मंसूर, पार्षद मेनपाल, पार्षद जावेद अली, इमरान प्रमुख,जिला पंचायत सदस्य अफजल, पूर्व सपा युवा जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी।
