डा० एम ए तोमर
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (रजि०) की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला परिषद मार्केट स्थित तायल मेडिकोज पर आयोजित की गई जिसमें दवा व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक का मुख्य मुद्दा यूपीएसडीएसए (UPSDSA) पोर्टल में आ रही तकनीकी खामियां और गोदाम लाइसेंस न बन पाने से हो रही परेशानियां रहीं।पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में जिन दवा व्यापारियों के लाइसेंस का नवीनीकरण UPSDSA पोर्टल के माध्यम से होता था,वर्तमान में वह प्रक्रिया बाधित हो गई है।नवीनीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने पर ओटीपी प्राप्त नहीं हो रहा जिससे प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।विशेष रूप से वर्ष 2019 से पहले जारी किए गए लाइसेंस पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं जिसके चलते पुराने व्यापारियों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इसके विपरीत, वर्ष 2019 के बाद ‘निवेश मित्र’ पोर्टल के माध्यम से बने लाइसेंस स्वतः नवीनीकरण हो रहे हैं जिससे पुराने और नए व्यापारियों के बीच असमानता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। व्यापारियों ने मांग की कि UPSDSA पोर्टल को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित किया जाए तथा पुराने लाइसेंसों को भी पोर्टल पर अपलोड कर ओटीपी आधारित नवीनीकरण की सुविधा प्रदान की जाए।बैठक में जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान,संस्थापक चेयरमैन प्रमोद मित्तल,कार्यवाहक महामंत्री दिव्य प्रताप सोलंकी,कोषाध्यक्ष सतीश तायल,उपाध्यक्ष मुकेश सोम सहित सुबोध जैन,मनोज गर्ग, पंकज तनेजा,सचिन त्यागी,संदीप शर्मा,सुधीर त्यागी और अंकुर तायल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।सभी ने एक स्वर में शासन से शीघ्र समाधान की मांग की ताकि दवा व्यापार सुचारु रूप से संचालित हो सके।
