एम अफज़ल गौर
बुग्गावाला (हरिद्वार)
भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने अपने कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसान काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
भूपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि किसान संगठन की ओर से प्रधानमंत्री को किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी संगठन द्वारा देहरादून प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था, साथ ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को भी मांगों से संबंधित पत्र प्रेषित किया गया, लेकिन अब तक उस पर कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने विशेष रूप से जनपद हरिद्वार की भगवानपुर तहसील के ग्राम बुधवार शहीद का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नदी में पानी बढ़ने के कारण किसानों की सैकड़ों बीघा भूमि का कटाव हो रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार से ठोस और दीर्घकालिक इंतजाम किए जाने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा पूर्व में किए गए वादों का हवाला देते हुए देशभर के किसानों का कर्ज माफ करने की मांग दोहराई। साथ ही किसानों को अपने निजी खेतों से निजी उपयोग हेतु मिट्टी उठाने और भूमि समतलीकरण पर किसी प्रकार की रोक न लगाने, किसानों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने तथा निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि इन सभी मांगों को लेकर 14 अप्रैल को बिहारीगढ़ में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान उनके प्रतिनिधि अंकित कुमार, हरिद्वार जिला प्रभारी अंकित राणा, ब्लॉक अध्यक्ष शौकीन अली, ब्लॉक उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह, किसान कार्यकर्ता शाहिद अली, मेहताब अली, आदि मलिक सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *