सरदार पटेल का सम्पूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता को समर्पित था-पुष्कर सिंह धामी
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर घंटाघर में उनकी मूर्ति पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवं एकता पदयात्रा का शुभारंभ कर उसमें प्रतिभाग भी किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वदेशी अपनाने और नशा मुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई।मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष,भारत रत्न, सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उनके अदम्य साहस,दूरदर्शिता और राष्ट्र समर्पण की भावना के कारण ही आज भारत एक शक्तिशाली और एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का सम्पूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता को समर्पित था।उन्होंने 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। ऐसे महापुरुष के योगदान को नमन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से उनकी जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया,जो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।उन्होंने कहा कि राज्यभर में 16नवंबर तक प्रत्येक जिले के तीन स्थानों पर वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।प्रत्येक आयोजन स्थल पर 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा के साथ नशा मुक्त भारत,एक पेड़ मां के नाम तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे जन-जागरूकता अभियानों को भी जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक दौड़ नहीं,बल्कि भारत की विविधता में एकता की भावना को सशक्त करने का माध्यम है।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।उन्होंने आह्वान किया कि राज्य के सभी नागरिक एकजुट होकर इस संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज,गणेश जोशी श्रीमती रेखा आर्या,राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास,श्रीमती सविता कपूर,अन्य जनप्रतिनिधिगण,जिलाधिकारी सविन बंसल एवं एसएसपी अजय सिंह,मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह,एसडीएम हरिगिर,परियोजना निदेशक विक्रम सिंह,डीडीओ सुनील कुमार,उप निदेशक मोनिका नांदल,सीईओ वीके ढ़ौडियाल सहित भारी संख्या में शिक्षण संस्थाओं के छात्र छात्राए,आंगनबाडी कार्यकत्री,स्वतंत्र नागरिक संगठन,पूर्व सैनिक संगठन मौजूद थे।जिला प्रशासन द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर 16नवंबर तक विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इस अवधि में डोईवाला और विकास नगर में भी ऐसे भव्य एकता पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *