अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर जिले में पुलिस की तेज-तर्रार कार्रवाई जारी है। विभिन्न थानों की टीमों ने रात-दिन दबिशें देकर माननीय न्यायालय के वारंटों का सख्ती से पालन करते हुए दर्जनों वांछितों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को थाना बेहट प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल सिंह भाटी की कुशल टीम ने 15 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें सद्दाम, मुनव्वर, मुदस्सिर उर्फ तोता, अजीम उर्फ सर्किट, सुफियान, मुकीम, शीशपाल उर्फ शिशू आदि शामिल हैं। साथ ही भैंस चोरी के आरोपी अजुबर को 3500 रुपये नकद के साथ पकड़ा गया।
थाना चिलकाना प्रभारी विनोद कुमार की टीम ने पाल सिंह, राजेश उर्फ बुद्धू, पाल्ला और रविन्द्र को धर दबोचा।
थाना सदर बाजार प्रभारी कपिल देव की टीम ने शादी का झांसा देकर युवती भगाने वाले सुजीत, वारंटी विशाल रावत और चाकूधारी बदमाश मंजीत उर्फ केचुआ को गिरफ्तार किया।
थाना जनकपुरी में प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा की टीम ने पोक्सो एक्ट के तहत नाबालिग लड़की को भगाने वाले साहिल को रेलवे स्टेशन के बाहर पकड़ा।
थाना देहात कोतवाली प्रभारी सुनील नागर की टीम ने तीन वारंटियों को जेल भेजा।
थाना नकुड में प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर की टीम ने घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग के तीन आरोपियों सुभाष, रोहित उर्फ करेशन और अनिल को गिरफ्तार किया।
थाना गंगोह प्रभारी संजीव कुमार की टीम ने मंदिर चोरी के आरोपी पटवारी उर्फ इल्ताफ से चोरी का सामान बरामद किया और शराब तस्कर रामधन को 10 बोतल अवैध शराब के साथ पकड़ा।
थाना मण्डी प्रभारी रोजन्त त्यागी की टीम ने हत्या के प्रयास के दो आरोपियों मुन्ना उर्फ फरीद अंसारी और उवेश को धराया।
कोतवाली नगर, फतेहपुर और नानौता थानों ने भी कई शातिर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। पुलिस की इन लगातार सफलताओं से अपराधियों में खौफ का माहौल है और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत हो रही है।
