पणजी,21 जनवरी । गोवा में पिछले हफ्ते एलेना नाम की 2 रूसी महिलाओं की हत्या के मामले में गिरफ्तार रूसी नागरिक ने पुलिस से कबूला कि उसे इस नाम से नफरत है। आग का करतब दिखाने वाले कलाकार एलेक्सी लियोनोव ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का नाम भी एलेना था, जिसने बचपन में उसकी उपेक्षा की थी। इसी वजह से उसके मन में एलेना नाम के लोगों के प्रति एक खास तरह की दुश्मनी पैदा हो गई है।
गोवा में 15 जनवरी को 2 रूसी महिलाओं का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी, जिसमें एक एलेना कस्थानोवा (37) और दूसरी एलेना वानीवा (37) थीं। कस्थानोवा का शव गुरुवार रात को अरंबोल में किराए के मकान में मिला, जबकि वानीवा का शव उसी रात करीब 8 किलोमीटर दूर मोरजिम इलाके में मिला था। दोनों का गला रेता गया था। पुलिस ने दोनों की हत्या की जांच में एलेक्सी को गिरफ्तार किया था। कस्थानोवा और वानीवा दोनों दोस्त थीं।
पुलिस ने बताया कि कस्थानोवा गो-गो डांसर और शादियों में सहायक थीं। वह 24 दिसंबर को गोवा पहुंची थीं। दूसरी पीड़िता, वानीवा, एक बबल परफॉर्मर थीं। वह हाल में गोवा आई थीं। दोनों की एलेक्सी से पहचान हुई थी और एलेक्सी दोनों के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था। पुलिस ने बताया कि एलेक्सी को कास्थनोवा पर अन्य पुरुष के साथ संबंध होने का शक था, जबकि वानीवा के साथ उसका पैसों का विवाद था। इसी कारण उसने हत्या की।
गोवा पुलिस ने एलिक्स के दावे को नकार दिया है। उनका कहना है कि दोनों महिलाओं की हत्या का मकसद वह नहीं है, जो एलिक्स बता रहा है। पुलिस ने कहा कि पूछताछ में एलिक्स की मानसिक स्थिति का पता चला है। वह मनोरोगी प्रवृत्ति का है और उसने कई चीजें बताईं, जो जांच में झूठ निकली। पुलिस ने बताया कि सबूतों में दोनों महिलाओं की हत्या में उसकी भूमिका साफ पता चलती है। उसका खुलासा “अस्पष्ट और असंगत” है।
