नई दिल्ली ,14 जनवरी । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में भीषण ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में पूरा उत्तर भारत आ गया है। बीती सुबह दिल्ली में पिछले तीन वर्षों की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। ठंडी हवाओं और कोहरे के चलते लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। नोएडा में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री और गाजियाबाद में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली। राजधानी में लगातार तीसरे दिन शीतलहर का असर बना रहा और अधिकतम तापमान भी औसत से नीचे रहा। उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड ने रिकॉर्ड के करीब तापमान दर्ज कराए हैं। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री और नारनौल में 1.8 डिग्री रहा। राजस्थान के करौली में तापमान 2 डिग्री, अलवर में 3.2 और पिलानी में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के एसबीएस नगर में पारा शून्य डिग्री तक पहुंच गया। वहीं चंडीगढ़ में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 16 से 18 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। निचले हिमालयी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चंबा जिले में तेज शीतलहर की चेतावनी दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले जनजातीय इलाकों में ठंड अपने चरम पर है। लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कुकुमसेरी में माइनस 7.4 डिग्री और कल्पा में शून्य डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है। इन क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में पछुआ हवाएं चल रही हैं और पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *