आधुनिक पाणिनि आचार्य किशोरीदास वाजपेयी ने दिया हिंदी को वैज्ञानिक आधार-धर्मेेंद्र चौधरी
हरिद्वार। साहित्यकार आचार्य किशोरीदास वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रेस क्लब हरिद्वार के पत्रकारों ने कनखल चौक और प्रेस क्लब परिसर स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।प्रेस क्लब सभागार में एक साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन किया गया।गोष्ठी में पत्रकारों ने आचार्य वाजपेयी के जीवन और साहित्यिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की।गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेद्र चौधरी ने कहा कि आचार्य किशोरीदास वाजपेयी हिंदी भाषा और व्याकरण के महान विद्वानों में गिने जाते हैं।उन्हें प्रायः हिंदी का पाणिनि और आधुनिक पाणिनि कहा जाता है। उन्होंने कहा कि आचार्य किशोरीदास वाजपेयी ने हिंदी को वैज्ञानिक आधार दिया।उन्होंने यह स्थापित किया कि हिंदी केवल संस्कृत की अनुगामी नहीं है,बल्कि अपनी अलग पहचान और व्याकरण रखने वाली समृद्ध भाषा है।पत्रकारिता में भी शुद्ध हिंदी के प्रयोग के लिए उनका मार्गदर्शन आज भी हमारे लिए प्रेरणा है।महासचिव सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा देने में आचार्य वाजपेयी का बड़ा योगदान है।उन्होंने सरल,सुबोध और शुद्ध हिंदी के प्रयोग पर बल दिया।वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी एवं सुनील दत्त पांडे ने कहा कि आचार्य वाजपेयी ने हिंदी व्याकरण को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा,बल्कि उसे जनभाषा से जोड़ा।पत्रकारिता में भाषा की शुद्धता और स्पष्टता के लिए वे हमेशा कहते थे कि भाषा जनता की होनी चाहिए।उनकी पुण्यतिथि हमें याद दिलाती है कि हमें अपनी मातृभाषा हिंदी के सम्मान और संवर्धन के लिए निरंतर काम करना चाहिए।वरिष्ठ पत्रकार रामचंद्र कन्नौजिया एवं दीपक नौटियाल ने कहा कि जिस प्रकार महर्षि पाणिनि ने संस्कृत को वैज्ञानिक व्याकरण दिया था,उसी प्रकार आचार्य किशोरीदास वाजपेयी ने आधुनिक हिंदी की प्रकृति और व्याकरणिक स्वरूप व्यवस्थित करने का ऐतिहासिक कार्य किया।गोष्ठी में काशीराम सैनी,श्रवण झा,बालकृष्ण शास्त्री,जोगेंद्र सिंह मावी,राजकुमार,नवीन चौहान,डा.शिवा अग्रवाल,अमित गुप्ता,महेश पारीक,बृजपाल सिंह ,सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश जोशी,बृजेन्द्र हर्ष,,ललितेंद्र नाथ,रामेश्वर शर्मा,रूपेश वालिया, कुलभूषण शर्मा,लव शर्मा,मेहताब आलम सहित प्रेस क्लब से जुड़े कई पत्रकार उपस्थित रहे।
