हरिद्वार। धर्मनगरी में डाक कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है।दिल्ली,उत्तर प्रदेश, हरियाणा ,पंजाब,हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में डाक कांवड़ लेकर श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच चुके हैं।लक्सर रोड से धर्मनगरी में प्रवेश करने वाले डाक कांवड़ यात्रियों का सिलसिला लगातार जारी है।हरिद्वार से लक्सर तक करीब 30किलोमीटर लंबे मार्ग पर दूर-दूर तक डाक कांवड़ ही नजर आ रही है।गंगा के बगल में हाईवे पर आस्था की समानांतर धारा बहती हुई नजर आ रही है।रविवार सुबह से ही हरिद्वार में कावड़ यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ गई।हर की पैड़ी के गंगा घाटों से लेकर यात्री बाहुल्य क्षेत्र के बाजार श्रद्धालुओं से भरे हुए हैं।हरिद्वार से वापसी के लिए दिल्ली हाईवे पर भी डाक कांवड़ यात्रियों की लंबी कतार दिखाई दे रही है।हाईवे की एक लेन पर लौटने वाले कांवड़ यात्रियों का लगातार रैला चल रहा है,जबकि दूसरी ओर सामान्य यातायात अपेक्षाकृत कम है।हाईवे पर डाक कांवड़ का यह नजारा ऐसा प्रतीत हो रहा है,मानो हरिद्वार से दिल्ली की ओर आस्था की एक समानांतर धारा बह रही हो।कांवड़ यात्रियों के वाहनों से पार्किंग स्थल भी तेजी से भरने लगे हैं। हरिद्वार की सबसे बड़ी पार्किंग में शामिल बैरागी कैंप में आधे से अधिक स्थान भर चुके हैं। जिस गति से वाहन पहुंच रहे हैं,उससे शाम तक पार्किंग के पूरी तरह भरने की संभावना जताई जा रही है।इसके अलावा दक्षदीप मैदान में भी बड़े वाहनों को खड़ा कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।डाक कांवड़ के लिए बड़े चौपहिया वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों से पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।बाइकर्स कांवड़ यात्रियों के जत्थे भी हरिद्वार की सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। इससे शहर और आसपास के संपर्क मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।
