सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चैहान के निर्देशानुसार जनपद सहारनपुर में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा विद्युत दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा कांवड़ मार्गों पर व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था के कार्य कराए गए हैं। विभाग द्वारा कांवड़ मार्गों पर विद्युत पोलों की सुरक्षा, विद्युत लाइनों की निगरानी, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक विद्युत सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं।
विद्युत विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त कांवड़ मार्गों पर 3,829 विद्युत पोलों पर पोल रैपिंग का कार्य कराया गया है। इसके अतिरिक्त 327 विद्युत पोलों पर, जो अति महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों, यथा मंदिरों के पास स्थित हैं, पीवीसी पाइप द्वारा रैपिंग कराई गई है। विद्युत परिवर्तकों की सुरक्षा के लिए 518 ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग का कार्य कराया गया है।विद्युत लाइनों को सुरक्षित रखने के लिए 576 स्थानों पर लाइन सेगिंग (ढीले तारों को टाइट करने) का कार्य कराया गया, जबकि 182 स्थानों पर लाइन गार्डिंग कराई गई है। साथ ही 130 टूटे/तिरछे विद्युत पोलों को सही कराया गया तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 668 जम्परों को टाइट कराने का कार्य भी कराया गया है।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चैहान के निर्देशन में विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल, सहारनपुर एवं अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल-प्रथम/द्वितीय, सहारनपुर के नेतृत्व में कांवड़ मार्गों पर विद्युत पोलों की रैपिंग, परिवर्तकों की बैरिकेडिंग, लाइन सेगिंग, लाइन गार्डिंग, टूटे पोलों को सही कराने एवं जम्पर टाइट कराने सहित श्रद्धालुओं को लगाए गए कांवड़ शिविरों को अस्थायी विद्युत संयोजन तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं का प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किया गया है।विद्युत विभाग द्वारा कांवड़ मार्गों पर विद्युत लाइनों की सतत पेट्रोलिंग एवं लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी श्री अरविन्द कुमार चैहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कांवड़ यात्रा की अवधि तक विद्युत व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि जनपद सहारनपुर से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो तथा कांवड़ यात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *