अजीम अख्तर

सहारनपुर। (दैनिक मानव जगत): थाना सदर बाजार पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर धोखाधड़ी से जमीन का बैनामा कराने के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामला 9 अप्रैल 2026 का है, जब बेहाट के शाहपुर निवासी परवीन पुत्री इब्राहिम ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत शाईस्ता पुत्री यासीन के नाम से फर्जी कागजात तैयार कराकर खतौनी में नाम दर्ज कराया और धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा करा दिया। इस शिकायत के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर व सीओ नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चंद्रसैन सैनी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए मंगलवार (28 जुलाई 2026) को पुलिस टीम ने दो वांछित आरोपियों—शाईस्ता पुत्री यासीन (निवासी लखनौती खुर्द) और शहजाद पुत्र शमशाद (निवासी मोहल्ला लोहारान, बेहट)—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने जैसी संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्ता शाईस्ता पर थाना बेहट में तथा अभियुक्त शहजाद पर थाना सदर बाजार, बेहट और कोतवाली देहात में आधा दर्जन के करीब आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ उप-निरीक्षक विपिन कुमार, महिला उप-निरीक्षक चंचल कुमारी, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, विजय सिंह, अंकुर तथा रिक्रूट महिला कांस्टेबल राखी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *