हरिद्वार/नई दिल्ली। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत आगामी नवंबर में नई दिल्ली में राष्ट्रीय आयोजन होगा,इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं।देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं आयोजन के दलनायक डॉ.चिन्मय पण्ड्या ने नई दिल्ली में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों से आत्मीय भेंट की।उन्होंने सभी को राष्ट्रीय आयोजन में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से डॉ.पण्ड्या ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें जन्मशताब्दी वर्ष के राष्ट्रीय आयोजन का आमंत्रण पत्र भेंट किया।उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के सेवा और संस्कार आधारित अभियानों की जानकारी दी।मूल्यनिष्ठ शिक्षा,युवा सशक्तिकरण,नारी जागरण,जनजातीय विकास, पर्यावरण संरक्षण,योग तथा भारतीय संस्कृति के संवर्धन के कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से भेंट के दौरान भी डॉ.पण्ड्या ने राष्ट्रीय आयोजन का निमंत्रण सौंपा।उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा समाज निर्माण के लिए चलाए जा रहे रचनात्मक अभियानों की जानकारी साझा की।नारी जागरण,युवा जागरण,पर्यावरण संरक्षण तथा संस्कार संवर्धन के प्रयासों का उल्लेख किया।नई दिल्ली प्रवास के दौरान डॉ.पण्ड्या ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल,केंद्रीय संचार राज्यमंत्री डॉ.चन्द्रशेखर पेम्मासानी,केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर,केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके,आयुष मंत्रालय के सचिव एवं पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा, भारत में पैराग्वे के राजदूत फ्लेमिंग राउल डुआर्टे रामोस तथा लोकमत मीडिया समूह के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ.विजय दर्डा से भी आत्मीय भेंट की।सभी माननीयों ने भारतीय ज्ञान परंपरा,संस्कार निर्माण और समाजोत्थान के क्षेत्र में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।उन्होंने जन्मशताब्दी वर्ष के राष्ट्रीय आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
