अजीम अख्तर
दैनिक मानव जगत
सहारनपुर: जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण व कालाबाजारी रोकथाम अभियान के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस और जिला आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोहल्ला बाजदरान से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग कर कालाबाजारी करने वाले एक शातिर अभियुक्त जैद पुत्र मन्सूर को गिरफ्तार किया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के साथ उप-निरीक्षक (उ०नि०) सुभाष चन्द्र और कांस्टेबल सद्दाम हुसैन मुख्य रूप से शामिल रहे, जिन्होंने जिला आपूर्ति विभाग की टीम (पूर्ति निरीक्षक श्रीमती मोहिनी मिश्रा, नरेन्द्र पाल सिंह और आपूर्ति लिपिक अरुण कुमार) के साथ मिलकर इस छापेमारी को सफल बनाया।
संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से विभिन्न कंपनियों (एचपी, भारत, इंडेन) के कुल 71 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर (घरेलू व व्यावसायिक), दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे और पांच रिफिलिंग मशीनें बरामद की हैं। मामले में सहारनपुर नगर निगम की पूर्ति निरीक्षक श्रीमती मोहिनी मिश्रा की तहरीर के आधार पर थाना कुतुबशेर में आरोपी के खिलाफ मु०अ०सं०-332/26, धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मौके से जब्त सभी सिलेंडरों और उपकरणों को अंबाला रोड स्थित गणपति गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है और आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
